यूपी में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर इस्तेमाल करने वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक अहम सूचना जारी की गई है। मिली जानकारी के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बैलेंस नेगेटिव हो गया है और उन्होंने अभी तक रिचार्ज नहीं कराया है, उनकी बिजली 13 मार्च से स्वतः कट सकती है। बिजली विभाग ने सभी ऐसे उपभोक्ताओं से समय रहते मीटर रिचार्ज कराने की अपील की है ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

लाखों उपभोक्ताओं के घरों में लगे स्मार्ट मीटर

प्रदेश में बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए तेजी से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक लगभग 77 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से करीब 70 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर हैं। इन मीटरों में उपभोक्ताओं को पहले रिचार्ज करना होता है और उसी के अनुसार बिजली की खपत होती है। हालांकि बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता सामने आए हैं जिनके मीटर में बैलेंस खत्म हो चुका है या नेगेटिव हो गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक रिचार्ज नहीं कराया है।

लगातार भेजे जा रहे हैं अलर्ट मैसेज

बिजली विभाग का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं का बैलेंस कम हो रहा है या समाप्त होने वाला है, उन्हें लगातार एसएमएस के जरिए सूचना दी जा रही है। उपभोक्ताओं को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैलेंस की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाती है। जब मीटर में बची राशि 30 प्रतिशत रह जाती है, तब पहला संदेश भेजा जाता है। इसके बाद 10 प्रतिशत बैलेंस रहने पर दूसरा अलर्ट मिलता है और जब बैलेंस शून्य हो जाता है, तब भी उपभोक्ता को तुरंत सूचना दी जाती है।

13 मार्च से ऑटोमेटिक डिस्कनेक्शन

बिजली विभाग ने साफ कर दिया है कि 13 मार्च से नेगेटिव बैलेंस वाले स्मार्ट प्रीपेड मीटर ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए डिस्कनेक्ट कर दिए जाएंगे। यानी यदि समय पर रिचार्ज नहीं कराया गया, तो बिना किसी अतिरिक्त चेतावनी के बिजली आपूर्ति बंद हो सकती है।

घर बैठे कर सकते हैं मीटर रिचार्ज

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अब मीटर रिचार्ज के कई विकल्प उपलब्ध हैं। विभागीय कैश काउंटर के अलावा ऑनलाइन माध्यमों से भी घर बैठे आसानी से मीटर रिचार्ज कराया जा सकता है। यदि किसी को तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो वह बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल कर सहायता ले सकता है।

0 comments:

Post a Comment