शुक्रवार को ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण के उद्घाटन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जानकारी दी कि अप्रैल की शुरुआत तक लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का संचालन शुरू किया जा सकता है। इसके शुरू होते ही लखनऊ से कानपुर तक की दूरी लगभग 35 से 40 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
आवागमन होगा तेज और आसान
इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से दोनों शहरों के बीच यातायात का दबाव कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राजधानी के आसपास के कई जिलों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा किसान पथ के सर्विस रोड का निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। यह परियोजना पूरी होने के बाद लखनऊ में ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कई नई सड़क परियोजनाओं पर भी काम
सरकार लखनऊ और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए कई नई सड़क परियोजनाओं पर भी काम कर रही है। बाराबंकी से बहराइच तक लगभग 100 किलोमीटर लंबी सड़क को चार लेन में अपग्रेड करने की योजना है। इस परियोजना के बाद लखनऊ से बहराइच तक का सफर करीब सवा घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
इसके साथ ही लखनऊ से सुल्तानपुर और वाराणसी तक हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। वहीं हरदोई और सीतापुर को भी बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के प्रयास जारी हैं।

0 comments:
Post a Comment