बिहार सरकार का बड़ा फैसला, 11 शहरों के लिए खुशखबरी

पटना। बिहार सरकार ने शहरी विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य के 11 प्रमुख शहरों और उनके आसपास ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसे राज्य के शहरी विस्तार की दृष्टि से अहम कदम माना जा रहा है।

सरकार ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 30 जून 2027 तक चयनित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। इसका उद्देश्य है अनियोजित निर्माण को रोकना, भूमि सट्टेबाजी पर नियंत्रण, मास्टर प्लान के अनुसार व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना

इन शहरों को मिलेगा योजना का लाभ

प्रस्ताव के अनुसार जिन शहरों को इस योजना में शामिल किया गया है, उनमें पटना, सोनपुर, गयाजी, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, छपरा, भागलपुर और सीतामढ़ी (सीतापुरम) शामिल हैं। इन शहरों के आसपास विशेष क्षेत्र चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएंगी।

मास्टर प्लान के तहत होगा विकास

आपको बता दें की बिहार सरकार इन टाउनशिप के लिए कोर एरिया और विशेष क्षेत्र निर्धारित कर रही है। इसके आधार पर मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जिसमें आवास, सड़क, जल निकासी, हरित क्षेत्र और अन्य बुनियादी सुविधाओं का समावेश होगा।

धार्मिक और पर्यटन विकास को भी बढ़ावा

कैबिनेट ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र के विकास को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना को वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसके लिए 680 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, मुंगेर जिले के तारापुर क्षेत्र में सांस्कृतिक और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए मौजा गाजीपुर में 15 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को नि:शुल्क देने का निर्णय लिया गया है।

0 comments:

Post a Comment