कन्नौज में गंगा नदी पर बनेगा पुल
कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र के चियांसर घाट पर गंगा नदी पर पुल बनाने की स्वीकृति मिल गई है। करीब 288 करोड़ रुपये से बनने वाला यह पुल ईपीसी मॉडल पर तैयार किया जाएगा। इसके बनने से कन्नौज और हरदोई जिलों के लगभग चार लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। साथ ही, यह पुल कई प्रमुख मार्गों और एक्सप्रेसवे से जुड़कर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।
कुशीनगर में नारायणी नदी पर नया पुल
कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी के भैंसहा घाट पर भी पुल निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर करीब 705 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अभी यहां पांटून पुल और स्टीमर के जरिए आवागमन होता है, जो बारिश के दौरान बाधित हो जाता है। नए पुल के बनने से कुशीनगर और महराजगंज के बीच संपर्क आसान हो जाएगा। साथ ही, बिहार की ओर जाने वाले मार्ग की दूरी भी कम होगी, जिससे लोगों को समय और खर्च दोनों में राहत मिलेगी।
इस पुल के निर्माण से लोगों को मिलेगी राहत
दोनों पुलों के निर्माण से उन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी, जहां अब तक नदी पार करना एक बड़ी चुनौती था। खासकर बारिश के मौसम में आने-जाने की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। कन्नौज और कुशीनगर में बनने वाले ये पुल प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम हैं।

0 comments:
Post a Comment