सीएम नीतीश की बड़ी सौगात: महिलाओं के लिए एक और नई खुशखबरी

पटना। बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अहम पहल की है। राज्य की करीब एक करोड़ जीविका दीदियों को अब बीमा सुरक्षा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इस कदम से न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उनके परिवारों को भी संकट के समय सहारा मिलेगा।

बीमा सुरक्षा उत्सव से होगा अभियान शुरू

सरकार इस योजना को लागू करने के लिए 15 अप्रैल से राज्यभर की ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाने जा रही है, जिसे 'बीमा सुरक्षा उत्सव' नाम दिया गया है। इस अभियान के जरिए जीविका से जुड़ी महिलाएं अन्य दीदियों को बीमा कराने के लिए जागरूक करेंगी।

दो योजनाओं का मिलेगा लाभ

जीविका दीदियों को दो प्रमुख सरकारी बीमा योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। पहली है प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, जिसके तहत सालाना 436 रुपये का अंशदान देना होता है। इस योजना में प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में परिवार को 2 लाख रुपये की सहायता मिलती है।

दूसरी योजना है प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जिसमें मात्र 20 रुपये सालाना अंशदान पर दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है। इस तरह दोनों योजनाओं का लाभ लेने पर कुल 4 लाख रुपये तक की सुरक्षा मिल सकती है।

आयु सीमा और प्रक्रिया

जीवन ज्योति बीमा योजना 18 से 50 वर्ष की महिलाओं के लिए है, जबकि सुरक्षा बीमा योजना 18 से 70 वर्ष तक की आयु वर्ग को कवर करती है। आवेदन करने पर प्रीमियम राशि सीधे बैंक खाते से काट ली जाएगी, जिससे प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनी रहेगी।

एक साल के लिए रहेगा बीमा कवर

यह बीमा 1 जून से प्रभावी होगा और एक साल तक मान्य रहेगा। हालांकि अभियान 31 मई तक चलेगा, लेकिन इसके बाद भी पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि अभियान के दौरान महिलाओं को अपने परिवार के अन्य सदस्यों, खासकर पति का भी बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment