19 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी संभावना है। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसके अलावा उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिल सकता है।
तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत
बारिश और बादलों की वजह से अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले 2-3 दिनों में तापमान फिर से 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। रात के तापमान में भी हल्का बदलाव देखने को मिलेगा, जिसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बिहार में मौसम अस्थिर बना हुआ है। यही वजह है कि दिन और रात के तापमान में अंतर के साथ-साथ अचानक बारिश और आंधी देखने को मिल रही है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवा या आंधी के दौरान खुले में जाने से बचें, बिजली गिरने की आशंका के चलते सुरक्षित स्थान पर रहें, किसानों को फसल और पशुओं की सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा गया है।

0 comments:
Post a Comment