तमिलनाडु में छाए प्रशांत किशोर, ''विजय'' को दी थी रणनीतिक सलाह

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। फिल्म स्टार से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) राज्य की राजनीति में तेज़ी से उभरती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में पार्टी 234 में से 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

इस उभरती ताकत के पीछे जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है बिहार के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर। सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पहले ही विजय की जीत को लेकर बड़ा दावा किया था।

रणनीति जिसने बदली तस्वीर

फरवरी 2025 में चेन्नई के पास मामल्लपुरम में TVK के स्थापना कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने मंच से कहा था कि अगर वे विजय के साथ मिलकर काम करते हैं, तो उनकी लोकप्रियता तमिलनाडु में और बढ़ेगी। उस समय यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना, लेकिन अब मौजूदा रुझान इसे नई अहमियत दे रहे हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि विजय के अभियान की रूपरेखा तैयार करने, संदेश को जनता तक पहुंचाने और चुनावी नैरेटिव सेट करने में प्रशांत किशोर की बड़ी भूमिका रही। हालांकि उन्होंने बाद में औपचारिक रूप से दूरी बना ली थी, लेकिन शुरुआती रणनीति ने पार्टी को मजबूत आधार दे दिया।

'मैजिक नंबर' का दावा और मौजूदा रुझान

तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। प्रशांत किशोर ने एक साल पहले ही दावा किया था कि अगर विजय अकेले चुनाव लड़ते हैं, तो वे इस आंकड़े तक पहुंच सकते हैं। अब जब TVK 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, तो उनके इस बयान की चर्चा फिर से तेज हो गई है।

धोनी से तुलना वाला बयान भी चर्चा में

अपने भाषण में प्रशांत किशोर ने महेंद्र सिंह धोनी का जिक्र करते हुए कहा था कि तमिलनाडु में उनकी लोकप्रियता धोनी से कम है, लेकिन अगर वे TVK को जीत दिलाते हैं तो यह स्थिति बदल सकती है। धोनी, जिन्हें तमिलनाडु में 'थाला' के नाम से जाना जाता है, चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ाव के कारण यहां बेहद लोकप्रिय हैं।

0 comments:

Post a Comment