बिहार में 6-लेन एक्सप्रेस-वे की मंजूरी, इन जिलों के लिए खुशखबरी

पटना। बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्णिया-पटना ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मधेपुरा जिले में भूमि अधिग्रहण को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र में विकास की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।

मधेपुरा में होगा 17.4 किमी एक्सप्रेस-वे निर्माण

इस सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मधेपुरा जिले से होकर गुजरेगा। जिले में करीब 17.4 किलोमीटर लंबाई में सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए ग्वालपाड़ा और बिहारीगंज अंचल में कुल 159.7142 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज

प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में भूमि का विवरण अंचल कार्यालयों में सार्वजनिक कर दिया है, ताकि लोग अपनी आपत्तियां और दावे दर्ज करा सकें। अब मुआवजा प्रक्रिया के लिए रैयतों की सूची तैयार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी प्रक्रिया को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा।

2028 तक पूरा करने का लक्ष्य

इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना में 40% लागत केंद्र सरकार द्वारा वहन की जाएगी, जबकि शेष 60% निर्माण एजेंसी द्वारा निवेश किया जाएगा। एजेंसी को अपनी लागत की वसूली टोल टैक्स के माध्यम से करने की अनुमति होगी।

यात्रा समय में बड़ी कमी

एक्सप्रेस-वे बनने के बाद पटना से पूर्णिया की दूरी, जो अभी 8 से 10 घंटे में तय होती है, घटकर करीब 3 से 4 घंटे रह जाएगी। वहीं मधेपुरा से पटना की यात्रा भी महज ढाई से तीन घंटे में पूरी हो सकेगी। इससे आवागमन आसान और तेज होगा।

0 comments:

Post a Comment