यूपी सरकार का तोहफा: बिजली उपभोक्ताओं के लिए 6 बड़ी राहतें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सरकार ने अहम फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्मार्ट मीटर व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इन फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि नई व्यवस्था से बिलिंग अधिक पारदर्शी और आसान होगी।

1. प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह

अब तक प्रीपेड सिस्टम में उपभोक्ताओं को पहले रिचार्ज करना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था में सभी स्मार्ट मीटर पोस्टपेड की तरह काम करेंगे। यानी पहले बिजली इस्तेमाल करें, फिर महीने के अंत में बिल चुकाएं।

2. हर महीने मिलेगा स्पष्ट बिल

बिलिंग सिस्टम को नियमित किया गया है। महीने की खपत का बिल तय समय पर तैयार होगा और उपभोक्ताओं को SMS व WhatsApp के जरिए भेजा जाएगा, जिससे भ्रम की स्थिति खत्म होगी।

3. बिल भरने के लिए 15 दिन का समय

उपभोक्ताओं को हर महीने की 10 तारीख तक बिल मिल जाएगा और उसके बाद भुगतान के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। इससे अचानक बिजली कटने की परेशानी कम होगी और लोगों को राहत मिलेगी।

4. पुराने बकाया का आसान समाधान

सरकार ने 30 अप्रैल तक के बकाया बिल को 10 आसान किस्तों में चुकाने की सुविधा दी है। इससे उन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी, जिन पर पुराना बकाया जमा था।

5. सिक्योरिटी राशि भी किस्तों में

जिन उपभोक्ताओं से पहले सिक्योरिटी राशि वापस की जा चुकी थी, उनसे अब यह रकम एकमुश्त नहीं ली जाएगी। पोस्टपेड व्यवस्था में वापसी के साथ इसे चार किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है।

6. शिकायतों के समाधान के लिए विशेष कैंप

स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मई और जून में मंडल और उपमंडल स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा 1912 पोर्टल और व्हाट्सऐप चैटबॉट के जरिए भी शिकायत दर्ज कर समाधान पाया जा सकेगा।

0 comments:

Post a Comment