यूपी वाले सावधान! इन 60 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में मध्यम से लेकर अत्यधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। 

वहीं भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को राजधानी लखनऊ समेत 60 से अधिक जिलों में भारी बारिश, तेज गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर अभी अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।

बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय निम्न दबाव का तंत्र मध्य प्रदेश की ओर बढ़ चुका है, जिसका व्यापक प्रभाव उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसी वजह से पश्चिमी, मध्य और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई स्थानों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है।

लखनऊ समेत पूर्वी यूपी में भी तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि लखनऊ में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भी अच्छी वर्षा की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने जारी की सलाह, वज्रपात की भी चेतावनी

लगातार बारिश और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों या खुले तारों के पास रुकने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही खेतों में काम करने की सलाह दी गई है।

0 comments:

Post a Comment