यूपी में बनेंगे 6 नए फ्लाईओवर, इस जिले के लिए बड़ी खुशखबरी

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सरकार ने संगम नगरी प्रयागराज में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से छह नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रयागराज यात्रा के दौरान इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

शहर का सबसे लंबा फ्लाईओवर बनेगा

प्रस्तावित परियोजनाओं में सबसे बड़ा फ्लाईओवर महर्षि भरद्वाज चौराहा से लोक सेवा आयोग चौराहा तक बनाया जाएगा। लगभग 2.5 किलोमीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर के निर्माण से इस मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम में काफी कमी आने की उम्मीद है। इस रूट पर स्कूल, सरकारी कार्यालय और हाईकोर्ट आने-जाने वाले लोगों की भारी आवाजाही रहती है, जिससे सुबह और शाम ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है।

इन इलाकों को भी मिलेगी राहत

सरकार की योजना के तहत कलश चौराहा से लोक सेवा आयोग चौराहा तक करीब 2 किलोमीटर लंबा एक और फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा हनुमत निकेतन चौराहा, मेडिकल चौराहा और लक्ष्मी टाकीज क्षेत्र जैसे व्यस्त स्थानों पर भी नए फ्लाईओवर विकसित किए जाएंगे, ताकि शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सुचारु बनाया जा सके।

सेतु निगम करेगा निर्माण

इन सभी परियोजनाओं का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश सेतु निगम की देखरेख में कराया जाएगा। शहर के रामबाग, कचहरी रोड, मलाकराज, लोक सेवा आयोग क्षेत्र और महर्षि भरद्वाज चौराहा जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों का अध्ययन करने के बाद यह योजना तैयार की गई है। उद्देश्य है कि प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही तेज हो और लोगों का समय बच सके।

शहर के विकास को नई रफ्तार

विशेषज्ञों का मानना है कि नए फ्लाईओवर बनने से न केवल ट्रैफिक जाम कम होगा, बल्कि ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और शहर के परिवहन नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment