इस नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यालयों की वास्तविक स्थिति जानना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। शिक्षा विभाग इस व्यवस्था को संस्थागत रूप से लागू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि स्कूलों से जुड़ी समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सके।
पूरे दिन गांव में रहेंगे शिक्षा अधिकारी
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जिले में तय तिथि पर जिला शिक्षा अधिकारी और प्रखंड शिक्षा अधिकारी पूरे दिन चयनित गांव में मौजूद रहेंगे। इस दौरान सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को बैठक के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अधिकारी अभिभावकों से स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य सुविधाओं को लेकर सीधे फीडबैक प्राप्त करेंगे।
फीडबैक के आधार पर होगी कार्रवाई
अभिभावकों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर जिला स्तर पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यदि किसी विद्यालय में शिक्षकों की कमी, पढ़ाई की गुणवत्ता या अन्य व्यवस्थाओं में कमी पाई जाती है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक और अधिकारियों के साथ समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद दोबारा अभिभावकों से संपर्क कर यह भी जाना जाएगा कि सुधारात्मक कार्रवाई का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है या नहीं।
मुख्यालय तक पहुंचेगी पूरी रिपोर्ट
शिक्षा विभाग ने इस पहल की नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की है। प्रत्येक जिले से यह जानकारी मुख्यालय को भेजी जाएगी कि कितने गांवों में अधिकारियों ने अभिभावकों से संवाद किया, कितने विद्यालयों का फीडबैक लिया गया और वहां विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संख्या क्या है। इसके साथ ही विद्यालय भवन, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी भी रिपोर्ट का हिस्सा होगी।
शिकायतों के आधार पर लिया गया फैसला
शिक्षा विभाग के अनुसार यह पहल हाल ही में आयोजित सहयोग शिविरों में मिली शिकायतों के बाद शुरू की जा रही है। कई स्थानों से शिक्षकों की कमी, समय पर शिक्षकों के विद्यालय नहीं पहुंचने, पढ़ाई प्रभावित होने और स्कूल भवनों की खराब स्थिति जैसी शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए विभाग ने तय किया है कि अधिकारी स्वयं गांवों में जाकर अभिभावकों से बातचीत करेंगे, ताकि वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और समाधान में तेजी लाई जा सके।

0 comments:
Post a Comment