8वें वेतन आयोग पर बढ़ी हलचल, कर्मचारियों के लिए शुरू हुआ मंथन

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें इन दिनों 8वें वेतन आयोग की गतिविधियों पर टिकी हैं। इसी क्रम में 9 और 10 जुलाई को कोलकाता में आयोग कर्मचारी संगठनों, पेंशनर्स एसोसिएशनों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा करेगी। यह बैठक भविष्य की वेतन और पेंशन व्यवस्था को लेकर सुझाव जुटाने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा मानी जा रही है।

हालांकि कई कर्मचारियों के बीच यह चर्चा है कि बैठक के बाद वेतन बढ़ने का रास्ता साफ हो जाएगा, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं है। आयोग अभी केवल विभिन्न पक्षों की राय और मांगों को सुन रहा है। अंतिम निर्णय रिपोर्ट तैयार होने और सरकार की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा।

कर्मचारियों की कौन-कौन सी मांगें रहेंगी चर्चा में?

बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों की ओर से कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाने की संभावना है। इनमें न्यूनतम मूल वेतन में संशोधन, फिटमेंट फैक्टर, महंगाई भत्ते की व्यवस्था, विभिन्न प्रकार के भत्तों की समीक्षा, पेंशन लाभ और सेवा शर्तों से जुड़े सुझाव प्रमुख रहेंगे। आयोग इन सभी प्रस्तावों का अध्ययन कर आगे की सिफारिशों में शामिल करने पर विचार करेगा।

बैठक में सभी को नहीं मिला मौका

कोलकाता में आयोजित इस चरण की बैठक में वही संगठन शामिल हो रहे हैं जिन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर आयोग को अपना मेमोरेंडम ऑनलाइन भेजा था। आवेदन स्वीकृत होने के बाद जारी किए गए मेमो आईडी के आधार पर प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया है। इसलिए यह बैठक पहले से तय प्रक्रिया के अनुसार आयोजित की जा रही है।

रिपोर्ट आने में अभी लगेगा समय

सरकार द्वारा तय समयसीमा के अनुसार आयोग को अपनी सिफारिशें निर्धारित अवधि के भीतर प्रस्तुत करनी हैं। यदि प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ती है तो रिपोर्ट 2027 की पहली छमाही तक सरकार के पास पहुंच सकती है। इसके बाद मंजूरी मिलने पर ही कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए नए वेतनमान लागू किए जा सकते हैं।

क्या अभी वेतन बढ़ने की उम्मीद करनी चाहिए?

फिलहाल इसका जवाब नहीं है। यह बैठक केवल सुझाव एकत्र करने के लिए आयोजित की गई है। इसके बाद आयोग अलग-अलग शहरों से मिले सुझावों का विश्लेषण करेगा, फिर अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा। रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपे जाने के बाद ही उस पर निर्णय होगा और नई वेतन संरचना लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

0 comments:

Post a Comment