शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ
नई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर तैयार किया गया है। इसके तहत पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम करना और शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है।
सरकार के अनुसार इस योजना से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी और उनके परिवार लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से कई लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए।
इन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना के दायरे में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त और अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारी शामिल किए गए हैं। इसके अलावा शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन, पूर्णकालिक और अंशकालिक शिक्षक, व्यावसायिक शिक्षा के विषय विशेषज्ञ तथा पात्र संविदा कर्मियों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा होगी मजबूत
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) भी हुआ। इस समझौते के माध्यम से करीब 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे शिक्षकों के लिए वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा का दायरा और मजबूत होगा।

0 comments:
Post a Comment