देशभर के छात्रों के लिए खुशखबरी! केंद्र सरकार ने लिया बड़ा निर्णय

नई दिल्ली। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए केंद्र सरकार ने छात्रवृत्ति व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर अब "एक छात्र-अनेक छात्रवृत्तियां" व्यवस्था लागू की जा रही है। यानी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पात्र विद्यार्थी अपनी योग्यता और पात्रता के आधार पर एक से अधिक छात्रवृत्तियों का लाभ ले सकेंगे। इससे लाखों छात्रों को आर्थिक सहायता मिलने का दायरा पहले से अधिक बढ़ जाएगा।

खत्म हुआ 'एक छात्र-एक छात्रवृत्ति' नियम

अब तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर "एक छात्र-एक छात्रवृत्ति" का नियम लागू था। इसके कारण विद्यार्थी केवल एक ही योजना के तहत आवेदन कर सकते थे। नए निर्णय के बाद यह बाध्यता समाप्त कर दी गई है। अब यदि कोई छात्र मेरिट के आधार पर मिलने वाली छात्रवृत्ति का पात्र है और साथ ही सामाजिक या आर्थिक श्रेणी के अंतर्गत मिलने वाली कल्याणकारी छात्रवृत्ति की शर्तें भी पूरी करता है, तो वह दोनों योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकेगा।

किन छात्रों को मिलेगा सीधा फायदा?

नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक समुदाय तथा अन्य पात्र वर्गों के छात्र अब मेरिट आधारित और कल्याण आधारित छात्रवृत्तियों के लिए एक साथ आवेदन कर सकेंगे। इससे उच्च शिक्षा का आर्थिक बोझ कम होने की उम्मीद है।

मंत्रालय ने राज्यों को जारी किए निर्देश

शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने सभी राज्यों के उच्च शिक्षा विभागों और राज्य शिक्षा बोर्डों को इस बदलाव की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से कहा गया है कि वे अपनी आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से नई व्यवस्था की जानकारी साझा करें, ताकि कोई भी पात्र छात्र इस अवसर से वंचित न रहे।

एनएमएमएसएस 2026-27 के लिए आवेदन शुरू

राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) के लिए भी 2026-27 सत्र के आवेदन शुरू हो चुके हैं। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को पहले राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर फ्रेश रजिस्ट्रेशन करना होगा और उसके बाद ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। वहीं, पहले से छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिन्यूअल आवेदन करना होगा।

राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया की तिथि

राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर सुधार और संस्थागत सत्यापन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद जिला स्तर पर अंतिम सत्यापन 30 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसलिए पात्र विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

0 comments:

Post a Comment