सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब 432 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें 163 करोड़ रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण और लगभग 269 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। इन योजनाओं से बीकापुर क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी इलाकों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में मसौधा स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में ट्रांजिट हॉस्टल और अन्य सुविधाओं का निर्माण, बीकापुर में राजकीय महाविद्यालय, पर्यटन विकास कार्य, लंबे समय से प्रतीक्षित लोहिया पुल के पास निर्मित डाक बंगला, ग्रामीण पेयजल योजनाएं तथा लोक निर्माण विभाग की कई सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न नगर पंचायतों में इंटरलॉकिंग सड़कें और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी लोकार्पण किया जाएगा।
नई परियोजनाओं से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
मुख्यमंत्री जिन नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें मऊ क्षेत्र में वृहद गो संरक्षण केंद्र, सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन, कंपोजिट विद्यालय अरथर का उच्चीकरण, राजकीय एवं महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, बिछिया झील का ईको-टूरिज्म के रूप में विकास और महिला पॉलिटेक्निक से फोरलेन सड़क निर्माण जैसी योजनाएं प्रमुख हैं। इसके साथ ही नगर पंचायत बीकापुर, भरतकुंड-भदरसा और खिरौनी-सुचित्तागंज के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्यों की भी शुरुआत होगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
इन परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, पर्यटन, यातायात, पेयजल और शहरी सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक शैक्षणिक संस्थान, स्वच्छ पेयजल और नई सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा अयोध्या जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

0 comments:
Post a Comment