पानी-पानी होगा बिहार! 8, 9, 10 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी

पटना: बिहार में कमजोर पड़ चुका मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों से बारिश की कमी झेल रहे राज्य में अब मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 8 से 10 जुलाई के बीच कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना जताई है। साथ ही 12 जुलाई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया गया है।

24 जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 24 जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। राजधानी पटना समेत कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

8 से 10 जुलाई तक इन इलाकों में भारी बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में लगातार तीन दिनों तक बारिश और वज्रपात की गतिविधियां बनी रहेंगी। मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जैसे जिलों में भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

तीन सप्ताह की कमी अब हो सकती है पूरी

इस बार मानसून के दौरान बिहार में करीब तीन सप्ताह तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई। 6 जुलाई तक राज्य में सामान्य 230.1 मिलीमीटर वर्षा के मुकाबले केवल 103 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो लगभग 52 से 55 प्रतिशत कम रही। अब मौसम विभाग का मानना है कि मानसून की दोबारा सक्रियता से वर्षा की कमी धीरे-धीरे पूरी हो सकती है और खेती-किसानी को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का दिखा असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने मानसूनी हवाओं को मजबूती दी है। इसी कारण बिहार में बादलों की आवाजाही बढ़ी है और बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। यदि यह सिस्टम सक्रिय बना रहता है तो आने वाले 7 से 10 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment