राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने समिति की सिफारिशों के आधार पर उपहारों की सूची में संशोधन किया है। इसके साथ ही किसानों को मुफ्त प्लास्टिक कैरेट और कृषि विद्यार्थियों को बढ़ी हुई छात्रवृत्ति का लाभ देने की व्यवस्था भी की गई है।
1. टीवी की जगह मिलेगी चारा काटने की मशीन
योजना के त्रैमासिक लकी ड्रॉ में द्वितीय उपहार के तौर पर मिलने वाले 43 इंच के एलईडी टीवी को हटाकर अब तीन हॉर्स पावर की चारा काटने वाली मशीन शामिल की गई है। इसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये होगी। प्रत्येक संभाग में ऐसी तीन मशीनें वितरित की जाएंगी। इससे पशुपालकों को चारा तैयार करने में आसानी होगी और मेहनत भी कम लगेगी।
2. छमाही ड्रॉ में छोटे ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल
मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के छमाही ड्रॉ के उपहारों में भी बदलाव किया गया है। प्रथम उपहार के रूप में 35 हॉर्स पावर का ट्रैक्टर पहले की तरह मिलता रहेगा। द्वितीय उपहार की श्रेणी में बदलाव करते हुए 20 हॉर्स पावर से कम क्षमता वाले छोटे ट्रैक्टर को शामिल किया गया है। इससे पहले इस श्रेणी में 900 लीटर क्षमता वाले 11 किलोवाट पावर टिलर और 13.7 हॉर्स पावर क्षमता के उपकरण शामिल थे।
वहीं, तृतीय उपहार में पावर टिलर और रीपर जैसे उपकरणों की जगह 100 सीसी की मोटरसाइकिल दी जाएगी। चतुर्थ उपहार के रूप में सोलर पावर पैक संयंत्र शामिल किया गया है। इन बदलावों का उद्देश्य उपहारों को किसानों की जरूरतों के अधिक अनुकूल बनाना है।
3. किसानों को मिलेंगे 4,400 मुफ्त प्लास्टिक कैरेट
मंडी परिषद किसानों को फल और सब्जियों की तुड़ाई तथा ढुलाई के दौरान उपज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मुफ्त प्लास्टिक कैरेट भी उपलब्ध करा रही है। इसके लिए मंडियों को चार श्रेणियों में बांटकर वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।
क श्रेणी के 500 किसानों को चार-चार कैरेट, कुल 2,000 कैरेट। ख श्रेणी के 250 किसानों को चार-चार कैरेट, कुल 1,000 कैरेट। जबकि ग श्रेणी के 200 किसानों को कैरेट, कुल 800 कैरेट। घ श्रेणी के 150 किसानों को कैरेट, कुल 600 कैरेट। इस तरह कुल 4,400 प्लास्टिक कैरेट वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
4. कृषि विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति बढ़कर 5,000 रुपये
कृषि शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि संस्थानों और कृषि महाविद्यालयों से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। इससे पात्र विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े खर्चों में आर्थिक सहायता मिलेगी।









.png)



.jpg)





.png)
.png)

.png)








