यूपी शिक्षक भर्ती में 15 से आवेदन, युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। लंबे इंतजार और कानूनी अड़चनों के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इससे चार वर्षों से परिणाम के बाद नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।

शिक्षा निदेशक (बेसिक) प्रताप सिंह बघेल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होकर 5 दिसंबर तक चलेगी। आवेदन का प्रारूप, दिशा-निर्देश और विस्तृत समय-सारिणी तीन नवंबर से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

1894 पदों पर होगी नियुक्ति

आपको बता दें की इस भर्ती के तहत कुल 1894 पद भरे जाएंगे, जिनमें 1504 पद सहायक अध्यापक और 390 पद प्रधानाध्यापक के हैं। चयन परीक्षा 2021 में शामिल लगभग 43 हजार अभ्यर्थियों को इन पदों पर अवसर मिलने की संभावना है।

लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद मिला रास्ता

यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2021 की परीक्षा से जुड़ी है, जो 17 अक्टूबर 2021 को आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम 15 नवंबर 2021 को घोषित हुए थे, लेकिन परिणामों में अंकों की गड़बड़ी और विसंगतियों के कारण कई अभ्यर्थियों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

न्यायालय के निर्देश पर शासन ने 12 अप्रैल 2022 को एक जांच समिति गठित की, जिसने अभ्यर्थियों की 571 शिकायतों की जांच की। इनमें से 132 शिकायतें सही पाई गईं, जिसके बाद 6 सितंबर 2022 को संशोधित परिणाम जारी किया गया। संशोधित परिणाम के अनुसार, सहायक अध्यापक परीक्षा में शामिल 2,71,071 अभ्यर्थियों में से 42,066 सफल घोषित हुए, जबकि प्रधानाध्यापक परीक्षा में 14,931 में से 1,544 अभ्यर्थियों को सफलता मिली।

पहली बार विद्यालय स्तर पर लागू होगा आरक्षण

इस भर्ती की एक नई विशेषता यह है कि इसमें स्कूल स्तर पर आरक्षण व्यवस्था लागू की जाएगी। पहले इस संबंध में कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं था, लेकिन विधिक राय लेने के बाद शासन ने इसे अनिवार्य किया है। यह वही व्यवस्था होगी, जो सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी–पीजीटी भर्ती में लागू होती है। इससे सामाजिक न्याय की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।

0 comments:

Post a Comment