1 नवंबर से लागू होंगे ये 6 नए नियम, आम लोगों पर होगा असर!

नई दिल्ली। 1 नवंबर 2025 से कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधे पड़ेगा। खासतौर पर बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, म्यूचुअल फंड, और LPG-CNG रेट से जुड़े ये बदलाव हर नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। आइए विस्तार से समझते हैं इन नए नियमों को।

1. आधार कार्ड अपडेट अब आसान

UIDAI ने आधार अपडेट प्रक्रिया को सरल बना दिया है। अब नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसे विवरणों को आधार केंद्र जाने बिना ऑनलाइन अपडेट किया जा सकता है। केवल बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए ही केंद्र का दौरा आवश्यक होगा। इसके अलावा, UIDAI अन्य सरकारी डेटाबेस जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट और राशन कार्ड से डेटा वेरिफिकेशन स्वतः कर देगा, जिससे डॉक्यूमेंट अपलोड करने की जरूरत नहीं रहेगी।

2 . बैंक लॉकर के नियम में बदलाव

बैंक लॉकर और सेफ कस्टडी से जुड़े नियम भी बदल रहे हैं। खाताधारक अब लॉकर के नॉमिनी का क्रमवार उल्लेख कर सकेंगे, जिससे संपत्ति हस्तांतरण में विवाद कम होंगे। यदि पहला नॉमिनी न रहे, तो दूसरी पायदान का नॉमिनी संपत्ति का दावा कर सकेगा।

3 .बैंक नॉमिनी नियम में बड़ा बदलाव

1 नवंबर से बैंकिंग कानून में संशोधन लागू होगा। अब बैंक ग्राहक अपने खाते, एफडी, आरडी या अन्य डिपॉजिट के लिए चार नॉमिनी तक चुन सकेंगे, जबकि पहले केवल एक ही नॉमिनी संभव था। इसके अलावा, ग्राहक यह भी तय कर पाएंगे कि प्रत्येक नॉमिनी को संपत्ति का कितना हिस्सा मिलेगा। यह बदलाव सिंगल और ज्वाइंट दोनों तरह के खातों पर लागू होगा।

4. SBI क्रेडिट कार्ड चार्जेस में बदलाव

SBI क्रेडिट कार्ड पर 1 नवंबर से नए चार्जेस लागू होंगे। अनसिक्योर्ड कार्ड पर 3.75% का शुल्क लगेगा। थर्ड-पार्टी ऐप जैसे CRED या Mobikwik से स्कूल फीस भुगतान करने पर 1% अतिरिक्त चार्ज होगा। इसके अलावा, 1000 रुपये से ज्यादा वॉलेट लोड करने पर 1% चार्ज और कार्ड से चेक पेमेंट पर 200 रुपये शुल्क लगेगा।

5. म्यूचुअल फंड निवेश के नए नियम

SEBI ने म्यूचुअल फंड निवेश के लिए नए नियम लागू किए हैं। किसी AMC (एसेट मैनेजमेंट कंपनी) के अफसर, कर्मचारी या उनके पारिवारिक सदस्य यदि 15 लाख रुपये से अधिक का भुगतान करते हैं, तो कंपनी को इसकी सूचना अनुपालन अधिकारी को देनी होगी। इसका उद्देश्य निवेश पारदर्शिता और निगरानी बढ़ाना है।

6. LPG, CNG और PNG के रेट में संभावित बदलाव

1 नवंबर से पेट्रोलियम कंपनियां LPG, CNG और PNG की दरों में बदलाव कर सकती हैं। दरों का रिव्यू हर महीने की पहली तारीख को किया जाता है और इसके अनुसार नई दरें लागू होती हैं। यह बदलाव गैस उपभोक्ताओं के लिए सीधे असर डाल सकता है।

0 comments:

Post a Comment