यूपी के इस जिले में सड़कों का चौड़ीकरण, लोगों को खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। फिरोजाबाद जनपद के लोगों के लिए खुशखबरी आई है। जिले के कई जर्जर और संकरे मार्गों के सुधार व चौड़ीकरण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। कुल लगभग 95 लाख रुपये की लागत से आधा दर्जन से अधिक सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जबकि दो प्रमुख मार्गों का 17 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन कार्यों के पूरे होने से स्थानीय जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग को यह योजना मिली है। उनके प्रतिनिधि एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि शासन ने इन सभी मार्गों के लिए बजट स्वीकृत कर दिया है और टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आबादी वाले क्षेत्रों में सड़कों पर सीसी कार्य (कंक्रीटिंग) भी कराया जाएगा, जिससे सड़कों की आयु और मजबूती बढ़ेगी।

मरम्मत कार्यों में प्रमुख रूप से शामिल हैं।

भारौल–सिरौलिया मार्ग से नगला कोठी मार्ग पर ₹21.13 लाख

पैगू–चंद्रपुरा मार्ग से सराय लुकमान मार्ग पर ₹9.16 लाख

मैनपुरी–सिरसागंज मार्ग से नगला राही मार्ग पर ₹10.85 लाख

राष्ट्रीय राजमार्ग-2 से सैंदलपुर मार्ग पर ₹13.76 लाख

राष्ट्रीय राजमार्ग-2 से शेखूपुर मार्ग पर ₹10.20 लाख

गलपुरा रेलवे फाटक–भदान मार्ग पर ₹29.35 लाख खर्च किए जाएंगे।

इन सड़कों का होगा चौड़ीकरण।

इन सड़कों के बेहतर होने से ग्रामीण अंचल के लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, जिले के टूंडला क्षेत्र में दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए भी शासन ने वित्तीय स्वीकृति दी है। नारखी ब्लाक मुख्यालय से बरतरा मार्ग (5.73 किमी) पर ₹7.16 करोड़, यमुना घाट से भीकनपुर होते हुए नियामतपुर मार्ग (6.40 किमी) पर ₹9.83 करोड़ की लागत से कार्य होगा।

क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम के अनुसार, इससे पहले पचोखरा–नारखी–बछगांव मार्ग का चौड़ीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है। अब बरतरा तक सड़क चौड़ी होने से यह मार्ग फिरोजाबाद–कोटला मार्ग से जुड़ जाएगा, जिससे यात्रियों को टूंडला रेलवे स्टेशन तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

0 comments:

Post a Comment