बिहार में बिगड़ेगा मौसम: 17 जिलों में भारी बारिश के आसार

पटना। बिहार में एक बार फिर से मौसम ने करवट ली है। राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार रात से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को बिहार के 17 जिलों में भारी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

उत्तर बिहार में ज्यादा असर, दक्षिण में हल्की वर्षा के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर बिहार के मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा, सुपौल, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सिवान जिलों में बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक सक्रिय रहेंगी। इन इलाकों में आज कई स्थानों पर तेज वर्षा के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।

वहीं, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सहरसा, शिवहर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और बक्सर जिलों में भी कई जगहों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण बिहार के पटना, नालंदा, गया और जहानाबाद जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

‘मोथा’ तूफान का असर बिहार तक पहुंचा

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव ‘मोथा’ चक्रवाती तूफान के कारण हो रहा है, जो आंध्र प्रदेश के तट से उठकर तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए अब उत्तर दिशा की ओर बढ़ गया है। इसके प्रभाव से बिहार में नमी और बादलों की मात्रा बढ़ गई है, जिसके चलते अगले दो दिनों तक राज्य में वर्षा और वज्रपात की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

तापमान में गिरावट, ठंड ने दी दस्तक

लगातार हो रही बारिश और बादल छाए रहने के कारण बिहार के कई हिस्सों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दो दिनों में तापमान में कुल 4 से 6 डिग्री तक की कमी आ सकती है। इससे राज्य में हल्की ठंड महसूस होने लगेगी और मौसम में बदलाव स्पष्ट रूप से दिखेगा।

1 नवंबर तक रहेगा असर, फिर सुधरेगा मौसम

IMD के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को बारिश की तीव्रता अधिक रहेगी। 1 नवंबर को भी कई जिलों में छिटपुट वर्षा की संभावना है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे मौसम सामान्य होने लगेगा। 2 नवंबर से आसमान साफ होने और तापमान में स्थिरता आने की संभावना जताई गई है।

0 comments:

Post a Comment