1 अप्रैल से लागू होंगे ये 5 बदलाव, हर नागरिक को जानना जरूरी

नई दिल्ली। 1 अप्रैल 2026 से कई वित्तीय नियमों में बदलाव होने वाले हैं, जो सीधे आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की वित्तीय गतिविधियों को प्रभावित करेंगे। नौकरीपेशा लोग, टैक्स भरने वाले और निवेशक इन बदलावों से विशेष रूप से प्रभावित होंगे। आइए जानते हैं, कौन-कौन से बदलाव आने वाले हैं:

1. पैन कार्ड बनवाना होगा और भी सुरक्षित

अब पैन कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड पर्याप्त नहीं होगा। 1 अप्रैल से पैन के लिए आवेदन करते समय जन्म प्रमाण पत्र, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं का प्रमाणपत्र या अन्य सरकारी दस्तावेज भी देने होंगे। इस कदम से पैन कार्ड पहले से अधिक सुरक्षित हो जाएगा, लेकिन आवेदन प्रक्रिया में थोड़ा समय अधिक लग सकता है। नए नियमों के तहत केवल नए फॉर्म का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा।

2. HRA क्लेम में बढ़ी सख्ती

हाउस रेंट अलाउंस (HRA) क्लेम करने वालों के लिए नियम अब और कड़े हो गए हैं। यदि कोई कर्मचारी सालाना 1 लाख रुपये से अधिक किराया देता है, तो मकान मालिक का पैन नंबर देना अनिवार्य होगा। साथ ही यह भी बताना होगा कि मकान मालिक परिवार का सदस्य है या नहीं। नए फॉर्म भरकर ही HRA क्लेम किया जा सकेगा। इन नियमों का मकसद फर्जी या गलत क्लेम को रोकना है।

3. क्रेडिट कार्ड पर नई निगरानी

क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों को नए नियमों के तहत अपने बड़े लेनदेन पर ध्यान रखना होगा। सालभर में 10 लाख रुपये से अधिक डिजिटल खर्च या 1 लाख रुपये से अधिक नकद भुगतान होने पर इसकी जानकारी आयकर विभाग को देनी होगी। इसके साथ ही टैक्स भुगतान के लिए अब क्रेडिट कार्ड का विकल्प भी जोड़ा गया है, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क लागू हो सकता है।

4. ITR फाइलिंग की नई तारीखें

इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की तारीखों में बदलाव किए गए हैं। बिना ऑडिट वाले मामले में ITR-3 और ITR-4 की अंतिम तिथि अब 31 अगस्त 2026 होगी। वहीं, ITR-1 और ITR-2 वाले आवेदक 31 जुलाई तक रिटर्न फाइल कर सकते हैं।

5. ATM और कैश निकासी नियम

बैंकों ने एटीएम और कैश निकासी के नियम भी बदल दिए हैं। HDFC बैंक ने मेट्रो शहरों में मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा 3 और नॉन-मेट्रो में 5 रखी है। पंजाब नेशनल बैंक ने कुछ डेबिट कार्ड्स पर रोजाना निकासी की सीमा 1 लाख से घटाकर 50,000 रुपये कर दी है। बंदन बैंक ने महीने में सिर्फ 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा रखी है; इसके बाद अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

0 comments:

Post a Comment