पूर्वी यूपी में बारिश की ज्यादा संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़ और सोनभद्र जैसे जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और संतकबीरनगर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद फिर से तापमान में 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
अचानक बदला मौसम
कुछ जिलों में मौसम ने और भी चौंकाया है। बलिया में बारिश के साथ ओलावृष्टि जैसी स्थिति देखी गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया।
आगे क्या रहेगा असर?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है, जिसके कारण यूपी के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

0 comments:
Post a Comment