IMD अलर्ट: यूपी के कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन साथ ही सतर्क रहने की जरूरत भी बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी है।

पश्चिमी यूपी में ज्यादा असर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा और अलीगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी यूपी में भी दिखा असर

आपको बता दें की राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में भी बादल छाए रहने, हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। हालांकि इन इलाकों में मौसम का असर अपेक्षाकृत कम रहने की उम्मीद है।

तापमान में आई गिरावट

बारिश और बादलों के चलते प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे मार्च में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

किसानों और यात्रियों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका जताई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में किसानों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खुले स्थानों और खेतों में काम करते समय सतर्क रहने को कहा गया है।

उत्तर प्रदेश में जल्द सामान्य होगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव अस्थायी है और अगले एक-दो दिनों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा। इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment