पेंशन में ताबड़तोड़ बढ़ोतरी? 8वां वेतन आयोग बदलेगा रिटायर्ड जिंदगी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर उम्मीदें लगातार बढ़ती जा रही हैं। 8वां वेतन आयोग के लागू होने की दिशा में प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और माना जा रहा है कि इसकी सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हो सकती हैं। ऐसे में लाखों पेंशनर्स को आय में बढ़ोतरी और आर्थिक राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद

विशेषज्ञों के अनुसार इस बार फिटमेंट फैक्टर में अहम बदलाव हो सकता है। अनुमान है कि यह 1.92 से बढ़कर 2.5 से 2.86 या उससे अधिक तक जा सकता है। यदि उच्च स्तर पर मंजूरी मिलती है, तो पेंशन में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि संभव है। वर्तमान में जहां न्यूनतम पेंशन ₹9,000 है, वहीं इसके बढ़कर ₹20,000 से अधिक होने के कयास लगाए जा रहे हैं। इससे निचले वर्ग के पेंशनभोगियों को सबसे ज्यादा लाभ मिल सकता है।

पेंशनर्स की प्रमुख मांगें

पेंशन से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से उठाए जा रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख है कम्यूटेड पेंशन की बहाली अवधि को 15 साल से घटाकर 12 साल करना। अगर यह मांग स्वीकार होती है, तो पेंशनभोगियों को पूरी पेंशन तीन साल पहले मिलने लगेगी। इसके अलावा महंगाई राहत (DR) को बेसिक पेंशन में शामिल करने की मांग भी जोर पकड़ रही है। ऐसा होने पर भविष्य में मिलने वाली बढ़ोतरी का आधार भी मजबूत हो जाएगा।

महंगाई भत्ते पर भी नजर

महंगाई के बढ़ते असर को देखते हुए केंद्र सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देने के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में समय-समय पर संशोधन करती है। जनवरी 2026 से इसमें करीब 2% की अतिरिक्त बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह 60% तक पहुंच सकता है।

क्या होगा टाइमलाइन?

सरकार ने सुझाव और फीडबैक लेने के लिए MyGov प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था शुरू की है। विभिन्न संगठनों और हितधारकों से सुझाव मांगे गए हैं। आयोग को अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए लगभग 18 महीने का समय मिल सकता है। ऐसे में अंतिम रिपोर्ट 2027 तक आने की उम्मीद है, लेकिन लागू होने की तारीख 1 जनवरी 2026 से ही मानी जा रही है। इसका मतलब है कि पेंशनर्स को एरियर का भी लाभ मिल सकता है।

0 comments:

Post a Comment