केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: तेल-गैस को लेकर लागू किया यह नियम

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, खासकर पश्चिम एशिया में जारी हालात के बीच केंद्र सरकार ने देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-3 को लागू कर दिया है, ताकि तेल और गैस की सप्लाई सुचारु बनी रहे और किसी तरह की जमाखोरी या कालाबाजारी को रोका जा सके।

क्यों उठाया गया यह कदम?

भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता का सीधा असर देश की सप्लाई और कीमतों पर पड़ता है। मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाते हुए यह नियम लागू किया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की कमी का सामना न करना पड़े।

क्या है धारा-3 का प्रावधान?

आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-3 सरकार को विशेष अधिकार देती है। इसके तहत सरकार जरूरी वस्तुओं की सप्लाई, वितरण, कीमत, भंडारण (स्टॉक) पर नियंत्रण कर सकती है। इसका मकसद साफ है की जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना और बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर सख्ती करना।

कंपनियों पर बढ़ेगी निगरानी

इस नियम के लागू होने के बाद तेल और गैस से जुड़ी कंपनियों को अपने उत्पादन, भंडारण और वितरण से जुड़ी पूरी जानकारी सरकार को देनी होगी। इसके लिए डेटा पेट्रोलियम योजना और विश्लेषण प्रकोष्ठ (PPAC) के साथ साझा करना अनिवार्य किया गया है। अब कंपनियों को बताना होगा कि वे कितना तेल निकाल रही हैं, कितना रिफाइन कर रही हैं, कितना स्टॉक में है और कितनी मात्रा आयात की जा रही है।

कब लागू होता है ऐसा कानून?

सरकार आमतौर पर इस तरह के सख्त कदम तभी उठाती है, जब किसी जरूरी वस्तु की कमी या कीमतों में असामान्य बढ़ोतरी का खतरा हो। युद्ध, महामारी या वैश्विक आर्थिक संकट जैसे हालात में यह कानून लागू किया जाता है ताकि बाजार में संतुलन बनाए रखा जा सके।

आम लोगों पर क्या होगा असर?

जानकारों का मानना है कि इस फैसले से आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। ईंधन की कृत्रिम कमी पर रोक लगेगी, कालाबाजारी करने वालों पर सख्ती होगी और कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment