डॉलर के सामने कमजोर पड़ा रुपया: पहुंचा ₹94 के पार, बाजार में हलचल तेज

नई दिल्ली। शुक्रवार का दिन भारतीय बाजार के लिए भारी दबाव लेकर आया। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन जैसे ही बाजार खुला, निवेशकों को जोरदार झटका लगा। वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने बाजार की दिशा बदल दी, जिसका सीधा असर रुपये और शेयर बाजार दोनों पर दिखा।

आपको बता दें की मुद्रा बाजार में सबसे बड़ा घटनाक्रम यह रहा कि भारतीय रुपया पहली बार डॉलर के मुकाबले ₹94 के स्तर को पार कर गया। शुरुआती कारोबार में ही रुपये में तेज कमजोरी दर्ज की गई, जिसने बाजार की चिंता और बढ़ा दी।

तेल की कीमतों ने बढ़ाई परेशानी

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर आशंका गहराई है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है, ऐसे में तेल महंगा होने का असर सीधे देश की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। जैसे-जैसे तेल की कीमतें बढ़ती हैं, वैसे-वैसे डॉलर की मांग भी बढ़ती है। यही वजह है कि रुपये पर दबाव बढ़ गया और वह रिकॉर्ड निचले स्तर तक फिसल गया।

शेयर बाजार में भारी बिकवाली

मुद्रा बाजार की कमजोरी का असर शेयर बाजार पर भी साफ नजर आया। सुबह के कारोबार में ही सेंसेक्स में बड़ी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती घंटों में ही यह 1000 अंकों से ज्यादा टूट गया, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी निवेशक इस समय जोखिम लेने से बच रहे हैं। अनिश्चित माहौल में वे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे भारतीय बाजार में बिकवाली बढ़ गई है।

आम आदमी पर क्या असर?

रुपये की गिरावट और महंगे तेल का असर सिर्फ बाजार तक सीमित नहीं रहता। इसका असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ता है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका हैं, रोजमर्रा की चीजों की लागत बढ़ने का खतरा हैं, महंगाई पर दबाव बना हुआ है यानी यह स्थिति धीरे-धीरे आम जीवन को भी प्रभावित कर सकती है। 

0 comments:

Post a Comment