योगी सरकार की नई पहल: 9वीं से 12वीं तक AI होगा अनिवार्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के अंतर्गत अब कक्षा 9 से 12 तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अनिवार्य कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) की पहल पर संचालित सभी वोकेशनल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ‘AI for All’ कोर्स को शामिल किया गया है। यह पहल आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू होगी। इसके तहत प्रत्येक छात्र और प्रशिक्षक के लिए 4 घंटे का विशेष AI कोर्स अनिवार्य होगा।

प्रोजेक्ट प्रवीण: शिक्षा में तकनीकी समावेशन का नया अध्याय

‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 210 घंटे का निःशुल्क कौशल विकास कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में पहले से ही IT, ब्यूटी, हेल्थकेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण दिए जाते हैं। अब AI कोर्स जोड़ने से छात्रों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान भी मिलेगा और वे शिक्षा पूर्ण करने के साथ ही रोजगार के लिए तैयार हो सकेंगे।

प्रदेश के 1200 से अधिक सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में 2 लाख से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। AI कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों में समस्या समाधान, रचनात्मक सोच, डेटा विश्लेषण और डिजिटल दक्षता जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित किए जाएंगे।

कस्टमाइज्ड AI मॉड्यूल

छात्रों की रुचि और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जॉब रोल्स के लिए 4 घंटे के कस्टम AI मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। इनमें IT कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलरिंग, हेल्थकेयर और डिजिटल मित्र जैसे क्षेत्रों में AI के व्यावहारिक उपयोग को समझाया जाएगा।

प्रशिक्षकों की भूमिका

गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रशिक्षकों के लिए भी ‘AI for All’ कोर्स को पहले पूरा करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही मिशन मुख्यालय 28 मार्च को एक दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित करेगा, जिसमें AI विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को तकनीकी जानकारी देंगे।

भविष्य की तैयारी

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि इस पहल से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी AI की बुनियादी समझ और व्यावहारिक प्रयोग में दक्ष बनेंगे। यह कदम प्रदेश के युवाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस पहल के जरिए उत्तर प्रदेश के स्कूली छात्रों को न केवल आधुनिक तकनीकी ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे भविष्य की नौकरियों और रोजगारपरक अवसरों के लिए तैयार भी होंगे।

0 comments:

Post a Comment