अमेरिकी डॉलर पर ट्रंप का सिग्नेचर! 165 साल में पहली बार होगा बदलाव

नई दिल्ली। अमेरिका अपने 250वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है और इसी अवसर पर देश में मुद्रा और सिक्कों को लेकर ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। अब अमेरिकी डॉलर नोटों पर पहली बार मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सिग्नेचर दिखाई देंगे। यह बदलाव 1861 से चली आ रही परंपरा को तोड़ता है, जब तक नोट्स पर केवल ‘ट्रेज़रर ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स’ के हस्ताक्षर ही होते थे।

ट्रेजरी विभाग की घोषणा

अमेरिकी ट्रेजरी ने बताया कि जून 2026 से नए 100 डॉलर के नोट छापे जाएंगे। इन नोटों पर राष्ट्रपति ट्रंप के सिग्नेचर के साथ वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर भी होंगे। अमेरिकी वित्त मंत्री के अनुसार यह कदम देश की आर्थिक प्रगति और ऐतिहासिक उपलब्धियों का प्रतीक है।

सोने के सिक्के पर भी ट्रंप

सिर्फ नोट ही नहीं, बल्कि 24 कैरेट के सोने के सिक्के पर भी ट्रंप की तस्वीर अंकित की जाएगी। इस सिक्के पर उन्हें ‘रिज़ॉल्यूट डेस्क’ पर झुके हुए और मुट्ठी बंद करते हुए दिखाया जाएगा। इससे पहले 1926 में अमेरिका के स्वतंत्रता के 150 साल पूरे होने पर जारी सिक्के पर जॉर्ज वॉशिंगटन की तस्वीर थी। हालांकि किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर पर सिक्के के लिए औपचारिक मंजूरी अभी बाकी है।

क्या है ऐतिहासिक महत्व?

इस बदलाव के साथ अमेरिकी मुद्रा प्रणाली में 165 साल पुरानी परंपरा टूट रही है। इसे अमेरिका की आर्थिक ताकत और इतिहास में उपलब्धियों को दर्शाने वाला कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, दुनिया के वित्तीय बाजारों में भी डॉलर की पकड़ और उसकी छवि पर असर पड़ सकता है।

नोट और सिक्कों का कार्यान्वयन?

नई छपाई जून से शुरू होगी और अन्य मूल्यवर्ग के नोटों पर भी धीरे-धीरे ट्रंप के सिग्नेचर अंकित किए जाएंगे। सोने के सिक्के की डिजाइन को अमेरिकी ‘कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स’ से अंतिम मंजूरी मिलते ही इसे जारी कर दिया जाएगा। इस कदम से अमेरिका ने अपने स्वतंत्रता वर्ष के जश्न को और यादगार बनाया है और दुनिया के सामने अमेरिकी मुद्रा में नए बदलाव की झलक पेश की है।

0 comments:

Post a Comment