इन जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में आज मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में भी बादल गरजने के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।
दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। बक्सर, भोजपुर, अरवल, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद में बारिश के साथ ठनका गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों को भी येलो अलर्ट की सूची में रखा गया है।
पश्चिमी जिलों में छिटपुट बारिश के आसार
सारण, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण में भी कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम का यह बदलाव राज्य में अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग रूप में दिखाई दे रहा है। कहीं तेज बारिश की संभावना है तो कहीं मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
13 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 13 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी और बादलों की आवाजाही के कारण कुछ स्थानों पर अचानक बारिश तेज हो सकती है। वहीं, एक-दो जगहों पर भारी बारिश की स्थिति भी बन सकती है।
ठनका के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
वज्रपात की आशंका वाले इलाकों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत या जलाशयों के आसपास जाने से बचना चाहिए। पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित और पक्की जगह पर रहना बेहतर है।

0 comments:
Post a Comment