पुराने छात्रों के लिए 25 अगस्त तक मौका
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जो विद्यार्थी पहले से इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले रहे हैं, वे 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। वहीं, जो विद्यार्थी पहली बार योजना में आवेदन करने जा रहे हैं, उनके लिए आवेदन की अवधि ज्यादा रखी गई है। नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
यह योजना मुख्य रूप से पिछड़ा वर्ग के उन विद्यार्थियों के लिए है, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। पात्रता के लिए विद्यार्थी के माता-पिता या अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। योजना के दायरे में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा इंटरमीडिएट, स्नातक और अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को भी दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ दिया जाता है।
बैंक खाते में सीधे भेजी जाएगी रकम
छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए सत्यापन के बाद सहायता राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी। इससे बीच में किसी तरह की अनियमितता की संभावना कम करने और लाभार्थियों तक सीधे पैसा पहुंचाने में मदद मिलेगी। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारी सही भरने और दस्तावेजों को ध्यानपूर्वक अपलोड करने की अपील की है।

0 comments:
Post a Comment