बिहार में फिर बदलेगा मौसम! 19 जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाओं का अलर्ट

पटना। बिहार में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होती नजर आ रही हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, दक्षिण बिहार के 19 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

19 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण बिहार के कई जिलों में गरज वाले बादल सक्रिय रह सकते हैं। इस दौरान अचानक तेज हवा चलने के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है।

वहीं, रविवार को अररिया, भभुआ, दरभंगा, किशनगंज, मधुबनी, रोहतास, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

तीन से चार दिन जारी रह सकता है बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में अगले तीन से चार दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। हालांकि बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ का असर

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय है और यह गंगानगर, दिल्ली, हमीरपुर और रांची होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ रही है। इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से बिहार में नमी का प्रवाह बना हुआ है। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बादल विकसित होने और बारिश के साथ वज्रपात की गतिविधियां होने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment