LPG सिलेंडर को लेकर बड़ी खुशखबरी, लोगों की टेंशन हुई दूर!

नई दिल्ली। रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के बाद डिलीवरी का इंतजार करने वाले उपभोक्ताओं के लिए इंडियनऑयल ने एक नई सुविधा शुरू की है। कंपनी ने 'इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ' नाम से सेवा शुरू की है, जिसके तहत ग्राहकों को हल्के वजन वाला 10 किलोग्राम का कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

इस सेवा की खासियत तेज डिलीवरी बताई जा रही है। कंपनी के अनुसार, बुकिंग के कुछ घंटों के भीतर सिलेंडर ग्राहक के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इससे खासकर उन परिवारों को सुविधा मिल सकती है, जिन्हें भारी सिलेंडर उठाने में परेशानी होती है या जिनकी गैस खपत कम है।

क्या है इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ?

'इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ' इंडियनऑयल की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा 10 किलो का कंपोजिट गैस सिलेंडर है। पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में इसका वजन कम रखा गया है, जिससे इसे उठाना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना आसान होता है।

इन परिवारों के लिए उपयोगी

10 किलोग्राम क्षमता वाला यह सिलेंडर खासतौर पर उन परिवारों के लिए उपयोगी हो सकता है, जहां एलपीजी की खपत अपेक्षाकृत कम है। छोटे परिवारों के लिए कम क्षमता का सिलेंडर होने से इसे संभालना भी आसान रहेगा। कंपनी की ओर से इस सेवा में तेज डिलीवरी और डिजिटल सुविधाओं पर भी जोर दिया गया है। इससे ग्राहक घर बैठे सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे और संबंधित डिजिटल माध्यम से अपनी बुकिंग की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इन माध्यमों से कर सकते हैं बुकिंग

ग्राहक 'इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ' के तहत नए कनेक्शन या रिफिल के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए IndianOil ONE ऐप, IndianOil Customer Portal और इंडियनऑयल के WhatsApp नंबर 7588888824 का उपयोग किया जा सकता है। डिजिटल माध्यम से आवेदन और रिफिल बुकिंग की सुविधा होने से ग्राहकों को एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

चुनिंदा जगहों पर उपलब्ध होगी सुविधा

इंडियनऑयल के मुताबिक यह सेवा उसके इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क और चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। यानी हर क्षेत्र में यह सुविधा एक समान रूप से उपलब्ध हो, यह जरूरी नहीं है। इस पहल का उद्देश्य एलपीजी ग्राहकों को तेज डिलीवरी के साथ हल्का, सुविधाजनक और आधुनिक सिलेंडर विकल्प उपलब्ध कराना है।

0 comments:

Post a Comment