डेयरी खोलने के लिए सरकार देगी आर्थिक मदद
योजना के तहत 10 गायों की एक डेयरी यूनिट लगाने की कुल लागत 23.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें पात्र लाभार्थी को लागत का 50 प्रतिशत, यानी अधिकतम 11.80 लाख रुपये तक अनुदान मिल सकता है। शेष राशि में लाभार्थी को 15 प्रतिशत अपनी ओर से लगाना होगा, जबकि 35 प्रतिशत बैंक ऋण के माध्यम से जुटाया जाएगा। अनुदान की राशि दो चरणों में सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजने का प्रावधान है।
महिलाओं को भी मिलेगा विशेष अवसर
इस योजना का लाभ व्यक्तिगत आवेदक ही ले सकते हैं। समूहों और फर्मों को इसके लिए पात्र नहीं माना गया है। एक व्यक्ति को केवल एक डेयरी यूनिट का लाभ मिलेगा। योजना में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि वे डेयरी व्यवसाय शुरू कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
इन देशी नस्लों की गायों का करें पालन
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत साहीवाल, गिर और थारपारकर जैसी निर्धारित स्वदेशी नस्लों की गायों को शामिल किया गया है। अच्छी नस्ल की गायों से दूध उत्पादन बढ़ाने और बाजार में उसकी बिक्री के जरिए नियमित आमदनी हासिल करने का अवसर मिल सकता है।
कितनी हो सकती है कमाई?
अगर 10 गायों से प्रतिदिन कुल 100 से 150 लीटर दूध मिलता है और दूध का औसत बिक्री भाव 50 रुपये प्रति लीटर रहता है, तो रोजाना बिक्री करीब 5,000 से 7,500 रुपये तक हो सकती है। हालांकि, यह अनुमान दूध की मात्रा और बाजार भाव पर निर्भर करेगा।

0 comments:
Post a Comment