सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, DA में 2% बढ़ोतरी का ऐलान

न्यूज डेस्क। सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। केरल सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस फैसले के बाद महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 35 प्रतिशत से बढ़कर 37 प्रतिशत हो गई है। राज्य के वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

सरकार के फैसले से पात्र कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनभोगियों की पेंशन में मिलने वाली महंगाई राहत बढ़ेगी। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ दिया जाएगा, जिसका भुगतान नवंबर में होगा। वहीं, संशोधित महंगाई राहत नवंबर 2026 की पेंशन के साथ मिलने का प्रावधान है।

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?

केरल सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ शिक्षकों और सहायता प्राप्त स्कूलों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके अलावा, निजी कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के पात्र कर्मचारी, पूर्णकालिक संविदा एवं अस्थायी कर्मचारी और स्थानीय निकायों के कर्मचारी भी इसके दायरे में शामिल हैं। पेंशनभोगियों की बात करें तो राज्य सेवा के पेंशनर्स, पारिवारिक पेंशन पाने वाले लोगों और अनुग्रह पेंशनभोगियों को भी बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ मिलेगा।

KSEB और KSRTC कर्मचारियों के लिए क्या है नियम?

सरकार के आदेश के मुताबिक, केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) और केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) के कर्मचारियों पर यह बढ़ोतरी अपने आप लागू नहीं होगी। इन संगठनों को अपने स्तर पर महंगाई भत्ते और महंगाई राहत से जुड़े अलग आदेश जारी करने होंगे।

सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों को कितनी राहत मिलेगी?

महंगाई भत्ता बढ़ने से कर्मचारियों की मूल सैलरी के आधार पर मिलने वाली राशि में इजाफा होगा। वहीं, पेंशनभोगियों को भी महंगाई राहत बढ़ने से अतिरिक्त लाभ मिलेगा। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी की रकम संबंधित कर्मचारी की मूल सैलरी या पेंशन पर निर्भर करेगी।

0 comments:

Post a Comment