यूपी में पेंशन की नई व्यवस्था लागू, बुजुर्गों के लिए बड़ी खुशखबरी

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए भुगतान की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत तीन महीने की पेंशन एक साथ देने के बजाय दो किस्तों में भेजी जाएगी। दोनों किस्तों के बीच 45 दिनों का अंतर रखा जाएगा और हर किस्त में 1,500 रुपये लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। मथुरा जिले में 68 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।

सीधे बैंक खाते में आएगी पेंशन

जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार, पेंशन की रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। तीन महीने की कुल 3,000 रुपये की पेंशन दो हिस्सों में मिलेगी। अधिकारियों ने लाभार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करा लें, ताकि भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

उत्तर प्रदेश की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र नागरिक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वार्षिक पारिवारिक आय ग्रामीण क्षेत्रों में 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्रों में 56,460 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों को सामान्यतः 1,000 रुपये प्रति माह की दर से पेंशन दी जाती है।

आवेदन करने से पहले ध्यान दें

पेंशन के लिए आवेदन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन करते समय जरूरी दस्तावेज और बैंक खाते की जानकारी सही भरना जरूरी है। पेंशन की किस्तों और भुगतान की तारीखों से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए लाभार्थी संबंधित समाज कल्याण विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment