यूपी सरकार का फैसला, ग्राम पंचायतों के लिए 1 बड़ी खुशखबरी, गांवों में बनेंगे खेल मैदान!

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के गांवों में रहने वाले युवाओं और खिलाड़ियों के लिए राहत भरी खबर है। ग्राम पंचायतों में खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत जिले की सभी 1,540 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित करने की योजना है। पहले चरण में 60 ग्राम पंचायतों में काम शुरू करने की तैयारी है, जहां जमीन भी चिन्हित कर ली गई है।

खाली सरकारी जमीन पर बनेंगे मैदान

इस योजना के तहत गांवों में उपलब्ध सरकारी जमीन का इस्तेमाल खेल मैदान बनाने के लिए किया जाएगा। शुरुआत में जमीन को समतल करने और जरूरत के अनुसार मेड़बंदी का काम होगा। आगे चलकर मैदानों में चहारदीवारी और इंटरलॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है।

खिलाड़ियों और भर्ती की तैयारी करने वालों को फायदा

गांवों में खेल मैदान बनने से युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर जगह मिलेगी। खासकर सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को दौड़ने और फिटनेस अभ्यास के लिए सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें सड़कों पर जोखिम उठाकर दौड़ लगाने की जरूरत भी कम हो सकती है।

यूपी के ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से होगा काम

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती गांवों में काम पूरा होने के बाद अन्य ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा। जिले की 50 ग्राम पंचायतों में पहले से मनरेगा के तहत खेल मैदान बने हुए हैं। नई योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढ़ावा देने और युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment