बुढ़ापे में होगी मौज! हर महीने मिलेंगे ₹10,000, केंद्र सरकार की खास योजना

नई दिल्ली। रिटायरमेंट के बाद आर्थिक परेशानियों से बचने के लिए समय रहते निवेश करना जरूरी है। खासकर पति-पत्नी चाहते हैं कि बुढ़ापे में उन्हें अपने खर्चों के लिए किसी दूसरे पर निर्भर न रहना पड़े। ऐसे लोगों के लिए केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना (APY) एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इस योजना में पति और पत्नी दोनों अलग-अलग खाता खुलवाकर हर महीने कुल 10,000 रुपये तक की पेंशन पाने का विकल्प चुन सकते हैं।

क्या है अटल पेंशन योजना?

अटल पेंशन योजना केंद्र सरकार की पेंशन स्कीम है। इसमें 18 से 40 साल तक के पात्र भारतीय नागरिक शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की गारंटीड मासिक पेंशन मिलती है। इसकी खास बात यह है कि पति और पत्नी दोनों अपने नाम से अलग-अलग खाते खुलवा सकते हैं। अगर दोनों 5,000-5,000 रुपये की पेंशन का विकल्प चुनते हैं, तो परिवार को हर महीने कुल 10,000 रुपये मिल सकते हैं।

हर महीने कितना जमा करना होगा?

अटल पेंशन योजना में कम उम्र में जुड़ने पर मासिक योगदान कम रहता है। उदाहरण के तौर पर, यदि पति और पत्नी दोनों 30 साल की उम्र में 5,000 रुपये मासिक पेंशन का विकल्प चुनते हैं, तो प्रत्येक को हर महीने 577 रुपये जमा करने होंगे।

इस हिसाब से गणना कुछ इस प्रकार होगी:

पति का मासिक योगदान: 577 रुपये

पत्नी का मासिक योगदान: 577 रुपये

दोनों का कुल मासिक योगदान: 1,154 रुपये

30 साल में दोनों का कुल योगदान: 4,15,440 रुपये

60 साल की उम्र के बाद कुल मासिक पेंशन: 10,000 रुपये

पति की मृत्यु के बाद पत्नी को भी मिलेगा लाभ

इस योजना में जीवनसाथी के लिए भी पेंशन का प्रावधान है। अगर 60 साल की उम्र के बाद किसी एक खाताधारक की मृत्यु हो जाती है, तो उसके जीवनसाथी को उस खाते की निर्धारित पेंशन मिलती रहेगी। 

उदाहरण के लिए, यदि पति की मृत्यु हो जाती है तो पत्नी को अपने खाते से 5,000 रुपये और पति के खाते से 5,000 रुपये तक की मासिक पेंशन मिल सकती है। इस तरह उसे कुल 10,000 रुपये मिलेंगे। दोनों खाताधारकों की मृत्यु के बाद निर्धारित पेंशन कॉर्पस नॉमिनी को दिया जाता है। 5,000 रुपये मासिक पेंशन वाले विकल्प में यह राशि करीब 8.5 लाख रुपये होती है।

कैसे खुलवाएं अटल पेंशन योजना का खाता?

इस योजना से जुड़ने के लिए अपने बैंक या डाकघर में संपर्क कर सकते हैं। वहां अटल पेंशन योजना का आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी जानकारी देनी होगी। खाता खुलने के बाद चुनी गई पेंशन के अनुसार बैंक खाते से नियमित योगदान कटता रहेगा। ध्यान रखें कि अटल पेंशन योजना में शामिल होने से पहले अपनी पात्रता, योगदान राशि और नियमों की जानकारी जरूर जांच लें।

0 comments:

Post a Comment