भारत सरकार ने क्या दिया जवाब?
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिका ने सेक्शन 301 के तहत जांच शुरू की है। इसके जरिए भारत समेत 14 देशों के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की उत्पादन क्षमता, व्यापार नीतियों और संबंधित नियमों की समीक्षा की जा रही है।
भारत सरकार ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत ने जांच की प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से सहयोग किया है।
व्यापार समझौते पर भारत का जोर
भारत सरकार का कहना है कि अमेरिका के साथ व्यापार से जुड़ी चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए। दोनों देश पहले से ही द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चर्चा कर रहे हैं। मंत्रालय ने दोहराया कि भारत 2 फरवरी 2026 की घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप इस समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
किन देशों पर लग सकता है अतिरिक्त टैरिफ?
अमेरिका के प्रस्ताव में भारत के अलावा छह अन्य देशों को भी शामिल किया गया है। इनमें कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड शामिल हैं। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश घरेलू और वैश्विक मांग की तुलना में अधिक उत्पादन क्षमता विकसित कर रहे हैं, जिससे अमेरिकी उद्योगों को नुकसान पहुंच सकता है।
हालांकि, अभी 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लागू नहीं किया गया है। फिलहाल प्रस्ताव पर संबंधित पक्षों और आम लोगों से राय मांगी जा रही है। इसके बाद ही अमेरिका आगे का फैसला लेगा। इस मामले में भारत ने फिलहाल बातचीत और द्विपक्षीय व्यापार समझौते के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया है। अब देखना होगा कि अमेरिकी जांच के बाद दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों पर इसका क्या असर पड़ता है।

0 comments:
Post a Comment