खास बात यह है कि रूस पहले भी भारत को अपने Su-57 स्टील्थ फाइटर जेट का प्रस्ताव दे चुका है। अब Su-75 को लेकर भी भारतीय वायुसेना की जरूरतों का जिक्र किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भारत रूसी फाइटर जेट खरीदेगा या अपने स्वदेशी AMCA प्रोजेक्ट पर ही आगे बढ़ेगा?
कैसा है रूस का Su-75 स्टील्थ फाइटर जेट?
Su-75 चेकमेट को हल्के और सिंगल इंजन वाले पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कम लागत में आधुनिक लड़ाकू विमान उपलब्ध कराना है। रूस का दावा है कि इसमें आधुनिक एवियोनिक्स और स्टील्थ तकनीक होगी, जिससे दुश्मन के रडार के लिए इसे पकड़ना मुश्किल हो सकता है।
इसमें एक इंजन होने के कारण इसके संचालन और रखरखाव का खर्च दो इंजन वाले विमानों की तुलना में कम रखने की योजना है। रूस ने यह भी संकेत दिया है कि विदेशी खरीदारों की जरूरत के अनुसार विमान में बदलाव और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर की सुविधा दी जा सकती है।
क्या भारत खरीदेगा Su-75?
भारत के लिए इस विमान को खरीदना फिलहाल आसान फैसला नहीं होगा। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि भारत खुद पांचवीं पीढ़ी का स्वदेशी स्टील्थ फाइटर जेट AMCA विकसित कर रहा है। भारत की प्राथमिकता अपनी रक्षा तकनीक और स्वदेशी विमान निर्माण क्षमता को मजबूत करना है। फिलहाल भारत की ओर से Su-75 खरीदने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान के अभी उड़ान परीक्षण के चरण तक नहीं पहुंचने के कारण इसकी वास्तविक क्षमता का आकलन करना भी मुश्किल है।

0 comments:
Post a Comment