इस सुविधा का लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा, जिनकी मासिक सैलरी 21,000 रुपये तक है। दिव्यांग कर्मचारियों के लिए वेतन की सीमा 25,000 रुपये रखी गई है।
बिना क्लेम किए खाते में आएगी रकम
ESIC के नए नियमों में 'डीम्ड क्लेम' की व्यवस्था शामिल की गई है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को बीमारी और मातृत्व लाभ के लिए अलग से क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी। यदि जरूरी जानकारी और दस्तावेज ESIC के सिस्टम में उपलब्ध हैं, तो भुगतान सीधे बैंक खाते में DBT के माध्यम से किया जा सकेगा।
हालांकि, इसके लिए कर्मचारी के पास ESIC सिस्टम से जारी मेडिकल सर्टिफिकेट होना जरूरी है। कंपनी को संबंधित अवधि का रिटर्न फॉर्म 8B पोर्टल पर जमा करना होगा। इसके अलावा कर्मचारी का बैंक खाता आधार और ESIC बीमा नंबर भी आधार से लिंक होना चाहिए।
नौकरी के दौरान दुर्घटना होने पर भी राहत
नए नियमों के तहत काम के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। अब कंपनी की ओर से ESIC को दी गई दुर्घटना रिपोर्ट को ही क्लेम का आधार बनाया जा सकेगा। इससे दिव्यांग होने वाले कर्मचारियों को अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर दुर्घटना में कर्मचारी की मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया भी कंपनी की रिपोर्ट के आधार पर शुरू की जा सकेगी।
कर्मचारी और कंपनी कितना देते हैं योगदान?
ESIC योजना के तहत कर्मचारी और नियोक्ता दोनों का योगदान तय है। कर्मचारी अपनी सैलरी का 0.75 फीसदी और कंपनी 3.25 फीसदी योगदान देती है। इसके बदले कर्मचारियों और उनके परिवार को मेडिकल इलाज, बीमारी के दौरान आर्थिक मदद, मातृत्व लाभ और दिव्यांगता जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
21 नवंबर से प्रभावी हुए नए नियम
कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 2026 को 20 नवंबर को नोटिफाई किया गया और 21 नवंबर 2026 से लागू किया गया। इन नियमों ने करीब 76 साल पुराने प्रावधानों की जगह ली है। हालांकि, बिना आवेदन के बीमारी और मैटरनिटी लाभ का भुगतान कब से शुरू होगा, इसकी तारीख ESIC के महानिदेशक अलग से घोषित करेंगे। यानी कर्मचारियों को इस सुविधा के लिए आधिकारिक शुरुआत का इंतजार करना होगा।

0 comments:
Post a Comment