क्या था पूरा मामला?
दरअसल, मध्य प्रदेश के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की ओर से जारी एक आदेश के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों के बीच नौकरी जाने का डर पैदा हो गया था। आदेश में मार्च 2027 के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं नहीं लेने की बात कही गई थी। इसके बाद कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान के बाद अब इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा।
कर्मचारियों के हित में फैसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देती है। कर्मचारियों की संतुष्टि और उनके बेहतर भविष्य से ही प्रदेश की तरक्की का रास्ता मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और कर्मचारी एक परिवार की तरह मिलकर विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
26 तरह के भत्तों में हुआ संशोधन
सीएम मोहन यादव ने कर्मचारी संगठनों के कार्यक्रम में बताया कि सरकार ने कर्मचारियों के हित में कम्प्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट (CPCT) समेत करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट संदेश दिया कि कर्मचारियों के वेतन और भत्तों के भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के इस बयान से प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें मार्च 2027 के बाद नौकरी खत्म होने की आशंका को लेकर फैल रही खबरों से परेशान होने की जरूरत नहीं है।
0 comments:
Post a Comment