समूह के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट आनंद सिंह बिसेन ने लखनऊ में इस प्रस्ताव की जानकारी दी। उनके मुताबिक, प्रत्येक न्यूक्लियर पावर प्लांट पर लगभग 90 हजार करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। परियोजनाओं के लिए सरकार से उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। संयंत्र लगाने के लिए ऐसे स्थान को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां पानी की पर्याप्त उपलब्धता हो।
कानपुर में 3000 करोड़ से बनेगा प्रोपेलेंट प्लांट
ऊर्जा परियोजनाओं के अलावा कानपुर में रक्षा उत्पादन को भी विस्तार देने की तैयारी है। अडानी समूह करीब 3000 करोड़ रुपये की लागत से प्रोपेलेंट निर्माण संयंत्र लगाने की योजना बना रहा है। यहां रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग प्रकार के प्रोपेलेंट तैयार किए जाएंगे।
कानपुर में समूह की गोला-बारूद निर्माण इकाई पहले से मौजूद है। अब इसके उत्पादन का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। इससे रक्षा उपकरणों के घरेलू निर्माण को मजबूती मिलने के साथ तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में नए अवसर बन सकते हैं।
कोल गैसीफिकेशन परियोजना में भी होगा बड़ा निवेश
प्रदेश में करीब एक लाख करोड़ रुपये की कोल गैसीफिकेशन परियोजना लगाने की भी योजना है। इसके माध्यम से कोयले को उपयोगी औद्योगिक उत्पादों में बदला जाएगा। इसमें ईंधन, अमोनिया, नाइट्रोजन और उर्वरक जैसे उत्पाद तैयार करने की संभावना है। इस परियोजना का उद्देश्य जरूरी औद्योगिक उत्पादों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना और विदेशों से होने वाले आयात पर निर्भरता घटाना है।
युवाओं को मिल सकते हैं रोजगार के नए अवसर
इन तीनों प्रस्तावित परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से उत्तर प्रदेश में निर्माण, इंजीनियरिंग, तकनीकी सेवाओं और औद्योगिक उत्पादन से जुड़े रोजगार बढ़ सकते हैं। कानपुर जैसे औद्योगिक शहरों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, परमाणु बिजलीघरों की स्थापना के लिए सरकारी मंजूरी, जमीन, पानी और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होना अभी बाकी है।

0 comments:
Post a Comment