इस सर्वे में अलग-अलग क्षेत्रों की 200 से ज्यादा कंपनियों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, केवल 50.6 फीसदी कंपनियों ने ही नए लेबर कोड लागू करने की पूरी तैयारी होने की बात कही है। वहीं, 28.8 फीसदी कंपनियां अभी तैयारी कर रही हैं। करीब 11.7 फीसदी कंपनियों ने इस दिशा में काम शुरू नहीं किया है, जबकि 9 फीसदी कंपनियों को नए बदलावों की जानकारी तक नहीं है।
कंपनियों को क्यों हो रही परेशानी?
नए लेबर कोड लागू करने में कंपनियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती कर्मचारियों की सैलरी तय करने और पेरोल सिस्टम में बदलाव करने की है। सर्वे में 74.4 फीसदी कंपनियों ने माना कि नए वेतन नियमों के कारण उनका खर्च बढ़ सकता है।
इनमें 49.6 फीसदी कंपनियों का अनुमान है कि खर्च में 5 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, 12 फीसदी कंपनियों को 5 फीसदी से ज्यादा खर्च बढ़ने की आशंका है। खासतौर पर पीएफ और ग्रेच्युटी में योगदान बढ़ने से कंपनियों पर आर्थिक दबाव पड़ सकता है।
कर्मचारियों की सैलरी पर क्या होगा असर?
नए लेबर कोड के तहत वेतन की गणना और सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव किया गया है। इसका असर कर्मचारियों की बेसिक सैलरी, भत्तों, पीएफ और ग्रेच्युटी पर पड़ सकता है। सर्वे के मुताबिक, 66.2 फीसदी कंपनियां अपने कर्मचारियों के वेतन ढांचे की समीक्षा कर चुकी हैं, जबकि 10.5 फीसदी कंपनियां अभी इसकी योजना बना रही हैं। ऐसे में कंपनियों को नए नियमों के हिसाब से अपनी वेतन व्यवस्था तैयार करनी होगी।
कौन से हैं चार नए लेबर कोड?
केंद्र सरकार ने 29 पुराने केंद्रीय श्रम कानूनों को मिलाकर चार श्रम संहिताएं तैयार की हैं। इनमें शामिल हैं:
वेतन संहिता (Code on Wages): वेतन और न्यूनतम मजदूरी से जुड़े नियम।
सामाजिक सुरक्षा संहिता (Code on Social Security): पीएफ, ग्रेच्युटी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान।
औद्योगिक संबंध संहिता (Industrial Relations Code): कर्मचारियों और नियोक्ताओं के बीच औद्योगिक संबंधों के नियम।
व्यावसायिक सुरक्षा संहिता (Occupational Safety Code): कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और कामकाज की परिस्थितियों से जुड़े नियम।
ये चारों श्रम संहिताएं 21 नवंबर 2025 से लागू की गई थीं। हालांकि, सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि कंपनियों को इनके अनुरूप अपनी व्यवस्था पूरी तरह बदलने में अभी भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर कर्मचारियों को नए नियमों का पूरा लाभ मिलने की प्रक्रिया पर पड़ सकता है।
.png)
0 comments:
Post a Comment