शिक्षकों के साथ हेडमास्टर भी होंगे जिम्मेदार
शिक्षा विभाग के नए निर्देशों के मुताबिक, स्कूल में अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षक की होगी। यदि कोई शिक्षक बिना अनुमति स्कूल परिसर से बाहर जाता है, तो हेडमास्टर को इसकी जानकारी तुरंत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को देनी होगी।
अगर निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक बिना अनुमति स्कूल से बाहर मिलता है, तो यह माना जा सकता है कि वह प्रधानाध्यापक की सहमति से गया है। ऐसी स्थिति में दोनों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर भी रोक
स्कूल में शिक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल को लेकर भी विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं। विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षक मोबाइल चलाते पाए गए, तो उन पर कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए प्रधानाध्यापकों को शिक्षकों के मोबाइल फोन निर्धारित स्थान या अपने कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
प्रधानाध्यापकों की बढ़ी जिम्मेदारी
नए निर्देशों के बाद हेडमास्टरों को शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं के नियमित संचालन और स्कूल के अनुशासन पर विशेष नजर रखनी होगी। निरीक्षण करने वाले अधिकारियों को भी इन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, शिक्षा विभाग का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के प्रति गंभीरता बढ़ाना और शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करना है। अब नियमों की अनदेखी करने पर केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि संबंधित प्रधानाध्यापक को भी जवाब देना पड़ सकता है।

0 comments:
Post a Comment