भारत खरीदेगा रूस का पैंटसिर-S1M मिसाइल सिस्टम, दुश्मनों की खैर नहीं!

नई दिल्ली। भारत अपनी हवाई सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में रूस के पैंटसिर-S1M एयर डिफेंस मिसाइल और गन सिस्टम को शामिल करने पर विचार कर रहा है। इसको लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत की तैयारी है। प्रस्तावित योजना के मुताबिक, भारत कुल 52 पैंटसिर सिस्टम हासिल कर सकता है। इनमें 13 सिस्टम रूस से खरीदे जाएंगे, जबकि 39 सिस्टम भारत में लाइसेंस के तहत बनाए जाएंगे।

क्या है पैंटसिर-S1M एयर डिफेंस सिस्टम?

पैंटसिर-S1M रूस का कम दूरी वाला एयर डिफेंस सिस्टम है। इसे खासतौर पर कम ऊंचाई पर उड़ने वाले हवाई खतरों से निपटने के लिए तैयार किया गया है। यह दुश्मन के लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों, क्रूज मिसाइलों, गाइडेड बमों और स्वार्म ड्रोन को निशाना बनाने में सक्षम है।

मिसाइल और तोप से लैस है यह सिस्टम

पैंटसिर-S1M की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मिसाइल और ऑटोमैटिक तोप दोनों मौजूद हैं। इसमें 30 एमएम की दो तोपें लगी होती हैं, जो बेहद तेज गति से गोलियां दाग सकती हैं। इसके अलावा इसमें 57E6M-E मिसाइल का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी अधिकतम गति लगभग 1,700 मीटर प्रति सेकंड बताई जाती है। इसकी मारक क्षमता करीब 30 किलोमीटर और अधिकतम ऊंचाई लगभग 18 किलोमीटर बताई गई है।

80KM तक पकड़ सकता है दुश्मन की गतिविधि

इस एयर डिफेंस सिस्टम में आधुनिक सर्च रडार दिया गया है, जो करीब 80 किलोमीटर की दूरी तक हवाई खतरों का पता लगा सकता है। साथ ही यह एक समय में 40 लक्ष्यों को ट्रैक करने में सक्षम बताया जाता है। इससे दुश्मन के ड्रोन और मिसाइल जैसे खतरों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

S-400 के साथ मजबूत होगी भारत की सुरक्षा

भारत के मल्टीलेयर एयर डिफेंस नेटवर्क में पहले से ही रूस का S-400 ट्रायम्फ सिस्टम शामिल है। ऐसे में पैंटसिर-S1M को शामिल करने की योजना कम दूरी पर हवाई सुरक्षा को मजबूत करने में मदद कर सकती है। हालांकि, इसकी खरीद अभी प्रस्ताव और बातचीत के स्तर पर है। अंतिम समझौते और आधिकारिक मंजूरी के बाद ही इसकी खरीद की स्थिति स्पष्ट होगी।

0 comments:

Post a Comment