भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर
स्कोर इंटेलिजेंस के सर्वे के मुताबिक, अगर अभी विधानसभा चुनाव कराए जाते हैं तो भाजपा को 177 से 215 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, समाजवादी पार्टी के खाते में 160 से 202 सीटें जा सकती हैं। अन्य दलों की बात करें तो आरएलडी को करीब 10 सीटें, अपना दल (एस) को 5 सीटें, राजभर की पार्टी को 3 से 5 सीटें और निषाद पार्टी को 1 से 3 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, गठबंधन के समीकरण बदलने पर चुनावी तस्वीर भी बदल सकती है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन से बदल सकता है पूरा खेल
सर्वे में सपा और कांग्रेस के एक साथ चुनाव लड़ने की स्थिति का भी आकलन किया गया है। इसके मुताबिक, इंडिया अलायंस को 174 से 219 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 181 से 226 सीटें मिल सकती हैं। इस मुकाबले में बसपा को केवल एक सीट मिलने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी भी गठबंधन को कम से कम 202 विधायकों का समर्थन चाहिए। ऐसे में दोनों गठबंधनों के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प हो सकता है।
किस पार्टी को मिल सकता है कितना वोट?
सर्वे के वोट प्रतिशत के आंकड़े भी काफी चौंकाने वाले हैं। भाजपा को 36.69 प्रतिशत और समाजवादी पार्टी को 36.98 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। यानी वोट शेयर के मामले में सपा मामूली बढ़त बनाती दिखाई दे रही है। वहीं, बसपा को 11.45 प्रतिशत और कांग्रेस को 7.67 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है। अपना दल (एस) को 1.23 प्रतिशत, निषाद पार्टी को 0.51 प्रतिशत और राजभर की पार्टी को 0.80 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद
सर्वे में लोगों से यह सवाल भी पूछा गया कि वे उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना चाहते हैं। इस सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे आगे नजर आए। आंकड़ों के मुताबिक, 35.29 प्रतिशत लोगों ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद किया। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को 26.50 प्रतिशत और मायावती को 8.59 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला।
कब हुआ सर्वे और कितने लोगों ने लिया हिस्सा?
रिपोर्ट के मुताबिक, यह सर्वे 15 अक्टूबर से 23 नवंबर के बीच कराया गया। इसका सैंपल साइज 91,429 बताया गया है। सर्वे के नतीजे बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा के बीच मुकाबला काफी करीबी हो सकता है। हालांकि, ये केवल ओपिनियन पोल के अनुमान हैं, चुनाव के वास्तविक नतीजे नहीं। अंतिम फैसला मतदाताओं के वोट और चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ होगा।

0 comments:
Post a Comment