सरकार भी जमा करती है बराबर का पैसा
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। यह स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना है। इसमें लाभार्थी अपनी उम्र के हिसाब से हर महीने एक निश्चित रकम जमा करता है और उतनी ही राशि केंद्र सरकार भी उसके खाते में योगदान के रूप में जमा करती है।
किन मजदूरों को मिलेगा फायदा?
इस योजना का लाभ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले पात्र श्रमिक उठा सकते हैं। इनमें रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, रिक्शा चालक, घरेलू कामगार, निर्माण मजदूर, खेतिहर मजदूर, दर्जी, धोबी, मोची और दिहाड़ी मजदूर शामिल हैं। योजना में शामिल होने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी हैं। आवेदक की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसकी मासिक आय 15,000 रुपये या उससे कम होनी चाहिए। इसके अलावा वह EPFO, ESIC या NPS जैसी किसी अन्य वैधानिक सामाजिक सुरक्षा योजना का सदस्य नहीं होना चाहिए।
60 साल के बाद हर महीने मिलेंगे ₹3,000
योजना में नियमित योगदान करने वाले श्रमिक को 60 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने 3,000 रुपये की सुनिश्चित पेंशन मिलती है। यानी सालभर में कुल 36,000 रुपये पेंशन के रूप में मिलेंगे। लाभार्थी की मृत्यु होने पर उसके पति या पत्नी को पेंशन की 50 फीसदी राशि यानी 1,500 रुपये प्रतिमाह पारिवारिक पेंशन के रूप में मिल सकती है।
कैसे करें योजना में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरा?
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में आवेदन करने के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाना होगा। वहां आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। इसके लिए आधार कार्ड, सेविंग बैंक या जनधन खाते की पासबुक और मोबाइल नंबर की जरूरत होगी।
रजिस्ट्रेशन के समय आवेदक की उम्र के अनुसार मासिक योगदान तय किया जाता है। इसके बाद बैंक खाते से ऑटो-डेबिट के जरिए नियमित किस्त जमा होती है। इस तरह मजदूर छोटी-छोटी रकम जमा करके अपने बुढ़ापे के लिए हर महीने 3,000 रुपये की पेंशन सुनिश्चित कर सकते हैं।
.png)
0 comments:
Post a Comment