नए नियमों के तहत पात्र कारोबारियों को GST पोर्टल के माध्यम से ही रजिस्ट्रेशन रद्द कराने की सुविधा मिलेगी। इससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर और कागजी कार्रवाई कम हो सकती है।
CBIC ने बदले GST के नियम
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने केंद्रीय GST नियम, 2017 में संशोधन किया है। वित्त मंत्रालय ने 25 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इस बदलाव का उद्देश्य GST रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया को अधिक सरल और डिजिटल बनाना है।
अब GST पोर्टल से ही रद्द होगा रजिस्ट्रेशन
नए नियमों के अनुसार, जिन कारोबारियों ने सभी जरूरी GST रिटर्न दाखिल कर दिए हैं और जिन पर कोई टैक्स, ब्याज, पेनल्टी या अन्य सरकारी बकाया नहीं है, उनका रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन रद्द किया जा सकेगा। ऐसे पात्र मामलों में GST पोर्टल इलेक्ट्रॉनिक तरीके से आवेदन की प्रक्रिया पूरी करेगा। रजिस्ट्रेशन कैंसिल होने की सूचना कारोबारी को GST REG-38 फॉर्म के जरिए दी जाएगी।
इन कारोबारियों के आवेदन की होगी जांच
हालांकि, यह सुविधा सभी को बिना शर्त नहीं मिलेगी। अगर किसी कारोबारी ने जरूरी रिटर्न दाखिल नहीं किए हैं या उसके ऊपर टैक्स, ब्याज और पेनल्टी का बकाया है, तो उसका आवेदन सीधे मंजूर नहीं होगा। ऐसे मामलों को संबंधित टैक्स अधिकारी के पास जांच के लिए भेजा जाएगा। कंपोजिशन स्कीम के तहत आने वाले कारोबारियों को GST CMP-08 से जुड़ी जरूरी जानकारी भी पूरी करनी होगी।
छोटे कारोबारियों को क्या होगा फायदा?
सरकार के इस फैसले से उन व्यापारियों को सबसे ज्यादा राहत मिल सकती है, जिन्होंने अपना कारोबार बंद कर दिया है या अब GST के दायरे में नहीं आते हैं। पहले रजिस्ट्रेशन रद्द कराने की प्रक्रिया में समय और कागजी कार्रवाई अधिक हो सकती थी। अब पात्र मामलों में ऑनलाइन प्रक्रिया से यह काम आसान होगा। हालांकि, इसके लिए सभी जरूरी रिटर्न और बकाया भुगतान की शर्तें पूरी करनी होंगी।

0 comments:
Post a Comment